देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण एवं अंतरविभागीय समन्वय से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव कुमार जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाना अनिवार्य है, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमांकन, बंटवारा एवं नामांतरण जैसे मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए।
पोषण अभियान की समीक्षा के दौरान सेम/मेम एवं अति कम वजन वाले बच्चों के पंजीयन में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सोनकच्छ के 5 सुपरवाइजरों का 7 दिन का वेतन काटने तथा कन्नौद एवं खातेगांव के 2-2 सुपरवाइजरों का भी वेतन काटने के निर्देश दिए।
नल-जल योजना की समीक्षा में कलेक्टर ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संबंधित निकायों को शीघ्र हस्तांतरित करने तथा गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सतत बनाए रखने के निर्देश दिए।
सामूहिक वन संसाधन अधिकार योजना में लापरवाही पाए जाने पर खातेगांव जनपद सीईओ अश्विनी राठौर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षण सत्र 2026-27 में शाला स्तर पर पाठ्य पुस्तकों का वितरण नहीं किए जाने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए।
गेहूं उपार्जन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 3,10,498 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी कर 566.36 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। शेष किसानों का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए गए।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण करने तथा तालाबों, नदियों के गहरीकरण एवं जल संरचनाओं की सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।