मनासा। मंदिरों की नगरी में सनातन संस्कृति और पारिवारिक एकता का अद्भुत दृश्य 86वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में देखने को मिला। सनातन सत्संग मंडल द्वारा श्रीगायत्री शक्ति पीठ पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में स्वर्गीय बंशीलाल बापूलाल डबकरा परिवार के आग्रह पर परिवार के सभी सदस्य एवं पोरवाल समाज सहित बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी शामिल हुए।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा विद्वान एवं रामराष्ट्र के सजग प्रहरी संत श्रीचेतनराम महाराज (उदयपुर) की प्रेरणा से सामाजिक सद्भाव, परिवार प्रबोधन और सनातन संस्कारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
सामूहिक पाठ का शुभारंभ राधेश्याम डबकरा (रामगंजमंडी), अश्विन दानगढ़ (अहमदाबाद), उमेश पोरवाल (देवास), राजेश पोरवाल (उज्जैन), वेदांत पोरवाल (देवास), मंथन दानगढ़ (अहमदाबाद), घनश्याम पोरवाल (नीमच) एवं पोरवाल समाज अध्यक्ष रामविलास मंडवारिया सहित अन्य अतिथियों ने भगवान श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
सत्संग में भजन गायक ओम सोनी, सत्यनारायण सोनी, अरुण झंवर, गोपाल राठौर, समरथ खाटवा, विजय उपाध्याय, कमल विजयवर्गीय और अर्पित शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर देर तक भजनों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए।
इस अवसर पर सनातन सत्संग मंडल द्वारा नगर के श्रीराम मोहल्ला स्थित श्रीराम मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग का भी आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सनातन परिवारों एवं लाभार्थी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मंडल ने जानकारी दी कि 87वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग 19 मई मंगलवार को रात्रि 8रू30 बजे श्रीराम मंदिर, राम मोहल्ला में आयोजित किया जाएगा। मंडल ने अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार शामिल होने की अपील की।