नीमच। जिले के आदिवासी बहुल ग्राम पिपलिया हाडा की नई आबादी क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव का मुख्य मार्ग लंबे समय से खराब हालत में है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दौरान सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने तथा किसानों को कृषि कार्य में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्र होने के बावजूद सड़क जैसी मूलभूत सुविधा की ओर प्रशासन और संबंधित विभागों ने पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
जयस संगठन ने मांग की कि पिपलिया हाडा मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आदिवासी क्षेत्र की इस गंभीर समस्या पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।