नीमच। धर्म, श्रद्धा और भक्ति का पावन पर्व अपरा एकादशी बुधवार को नीमच के प्राचीन श्री श्याम मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा है।
पर्व के अवसर पर प्रातः विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया। वहीं शाम 7 बजे भव्य महाआरती, ताली कीर्तन तथा फलाहारी प्रसाद वितरण होगा। बाबा का आकर्षक शाही श्रृंगार दिल्ली एवं कोलकाता से मंगाए गए विशेष फूलों से किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपालकृष्ण शर्मा ने बताया कि अपरा एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु की पूजा, व्रत एवं भक्ति करने से पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसे आत्मशुद्धि, संयम एवं आध्यात्मिक उन्नति का पर्व माना जाता है।
एकादशी पर्व को लेकर मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु दिनभर बाबा के दर्शन कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं तथा भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।