नीमच। आयुष्मान आरोग्य मंदिर चचौर द्वारा मंगलवार को ग्राम देवरान में आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मरीजों की निःशुल्क जांच कर आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, कब्ज, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, गैस, अम्लपित्त, हृदय रोग एवं प्रमेह सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया गया।
इस शिविर में कुल 71 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. तुलसीराम अलावे, श्री यतेन्द्र राजावत एवं श्री हुकुमचंद सूर्यवंशी ने सेवाएं दीं।