नीमच। मध्यप्रदेश किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन “आत्मा” अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। परियोजना संचालक “आत्मा” नीमच ने बताया कि जिले के सभी तीन विकासखंडों से प्रत्येक क्षेत्र (कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी) से एक-एक सहित कुल पांच-पांच सर्वोत्तम कृषकों का चयन किया जाएगा।
विकासखंड एवं जिला स्तर पर पुरस्कार: विकासखंड स्तर पर चयनित प्रत्येक श्रेष्ठ कृषक को ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि जिला स्तर पर प्रत्येक क्षेत्र के विजेता कृषक को ₹25,000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। आवेदन एवं चयन प्रक्रिया: आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई 2026 है। विकासखंड स्तर पर 30 मई 2026 तक चयन समिति द्वारा चयन किया जाएगा, जबकि जिला स्तर हेतु नाम 15 जून 2026 तक राज्य स्तर पर भेजे जाएंगे। राज्य स्तरीय चयन 30 जून 2026 तक किया जाएगा तथा पुरस्कार वितरण 26 जनवरी 2027 को राज्य स्तरीय समारोह में किया जाएगा। चयन समिति का गठन: विकासखंड स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। परियोजना संचालक “आत्मा” सदस्य सचिव होंगे तथा उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग के जिला प्रमुख एवं कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी समिति के सदस्य रहेंगे।
किसानों से अधिक से अधिक आवेदन का आह्वान-
कृषि विभाग ने जिले के किसानों एवं कृषक समूहों से अधिक से अधिक आवेदन करने का आग्रह किया है। इच्छुक किसान संबंधित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर (BTM) कार्यालय अथवा विभागीय कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर निर्धारित प्रारूप में भरकर 20 मई 2026 तक बंद लिफाफे में जमा कर सकते हैं।