नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में गुरुवार को यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यात्री बस की छत पर मिला भारी मात्रा में लगेज-
थाना प्रभारी यातायात सोनू बड़गुर्जर एवं यातायात टीम द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान मीनाक्षी ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी-14 पीए-8786 की जांच की गई। जांच में बस की छत पर भारी मात्रा में लगेज भरा हुआ मिला। इस पर यातायात पुलिस ने बस को जब्त कर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
ब्लैक फिल्म हटाकर की चालानी कार्रवाई-
अभियान के दौरान शहर में ब्लैक फिल्म लगे चार पहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाकर चालान बनाए।
नाबालिग वाहन चालकों पर भी सख्ती-
यातायात पुलिस ने नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी और बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत दी।
50 चालान, 24,600 रुपए समन शुल्क वसूला-
कार्रवाई के दौरान कुल 50 चालान बनाए गए और 24 हजार 600 रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया।
यातायात पुलिस की अपील-
यातायात पुलिस ने बस संचालकों से अपील की है कि यात्री बसों में लगेज का परिवहन न करें, सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि “आपका सहयोग ही हमारा प्रयास है।