मंदसौर। पुरुषोत्तम मास के दौरान भगवान श्रीनाथजी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को हो रही असुविधा की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
कोतवाली इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं यातायात थाना सूबेदार शैलेंद्र सिंह चौहान ने जीवागंज क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान गली के दोनों ओर लगाए गए बेरिकेड्स को हटवाया गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय रहवासियों द्वारा श्रद्धालुओं को वाहन खड़े करने से रोके जाने की शिकायत मिल रही थी, जिससे जीवागंजदृनरसिंहपुरा मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो रही थी।
पुलिस ने मौके पर स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार की मनमानी या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्रवाई के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और व्यवस्था पर संतोष जताया।