चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन ‘सुदर्शन चक्र-2’ के तहत बेगूं थाना पुलिस ने फायरिंग और हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बेगूं थाना पुलिस ने आरोपी कन्हैयालाल उर्फ काना (26) पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र गुर्जर निवासी मडावदा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2024 को दीपक शर्मा निवासी पाछूंदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 मई की रात उसकी जेसीबी मशीन चालक हेमराज भील चला रहा था। रात करीब 10रू50 बजे डेर नामक स्थान पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ लोगों ने जेसीबी रुकवाई और चालक के साथ गाली-गलौज की। इस दौरान आरोपी अशोक खाती ने हेमराज पर जान से मारने की नीयत से अवैध देशी कट्टे से तीन फायर किए। फायरिंग से घबराकर चालक मौके से भाग गया और घटना की सूचना दी।
मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कन्हैयालाल उर्फ काना लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गठित टीम ने उसे डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में डीएसपी अंजली सिंह, थानाधिकारी कमल चंद्र, एएसआई शंकरलाल तथा कांस्टेबल हंसराज, धर्मवीर, गजराज सिंह और ललित सिंह शामिल रहे।