चित्तौड़गढ़। शंभूपुरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में तीन वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान ष्ऑपरेशन त्रिनेत्रष् चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के मार्गदर्शन में थानाधिकारी धर्मराज मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार फरवरी 2023 में शंभूपुरा थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 8 कट्टों में भरा 157 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया था। मामले में मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि डोडाचूरा सप्लायर फरार चल रहा था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी जगदीश उपाध्याय (48) निवासी सांडिया, थाना मनासा, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस आरोपी से बरामद मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल फतेह सिंह, कांस्टेबल दिनेश एवं गोपाल की विशेष भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।