नीमच। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रतलाम रेंज निमीष अग्रवाल ने 10 एवं 11 जून को जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना नीमच कैंट, पुलिस लाइन तथा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी लेने के बाद डीआईजी ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इसके पश्चात आयोजित सैनिक सम्मेलन में उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए बेहतर कार्य संस्कृति और जनसेवा पर जोर दिया।
निरीक्षण के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराधों की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, वाहन चेकिंग, हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को सहायता, ग्रामीण क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण तथा गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए।
उन्होंने मादक पदार्थ तस्करों, गौवंश तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने, एनडीपीएस एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई, आरोपियों की जमानत निरस्तीकरण तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी किरण चौहान, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह, एसडीओपी जावद रोहित राठौर सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।