चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को बड़ीसादड़ी क्षेत्र का निरीक्षण कर अपशिष्ट पदार्थ एवं मलवा निस्तारण की समस्या का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों, हिंदुस्तान जिंक के प्रतिनिधियों तथा संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने आंदोलनरत संघर्ष समिति के सदस्यों से सकारात्मक संवाद स्थापित किया, जिसके बाद आपसी सहमति से उनका अनशन समाप्त कराया गया। जिला कलक्टर ने स्वयं अनशनरत सदस्यों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपशिष्ट पदार्थ एवं मलवा हटाने के कार्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक संसाधनों के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
बैठक में हुए सकारात्मक संवाद के बाद आंदोलनरत सदस्यों ने अपना अनशन समाप्त किया। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन जनहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अर्जन) रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा, तहसीलदार, हिंदुस्तान जिंक के अधिकारी एवं संघर्ष समिति के सदस्य उपस्थित रहे।