नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा 14 जून को एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करना है। सत्र सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित होगा।
आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद संबंधित लिंक व्हाट्सएप पर भेजा जाएगा।
आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट से अलग-अलग लॉग-इन करना होगा। एक डिवाइस पर समूह में योग करने पर केवल एक प्रतिभागी की ही गणना होगी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, योग साधकों एवं आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक पहल में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और इस अभियान को सफल बनाने में सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
आयुष मंत्रालय का उद्देश्य योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। 14 जून का यह विशेष आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।