नीमच। एसडीएम नीमच पराग जैन ने गुरुवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम के साथ शहर के तीन निजी अस्पतालों गुप्ता हॉस्पिटल, चौधरी नर्सिंग होम एवं केयर वेल हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय ने बताया कि एसडीएम ने ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, दवा भंडार, फायर सेफ्टी, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जांच की। उन्होंने डॉक्टरों एवं अस्पताल स्टाफ से उपचार व्यवस्था, पंजीयन प्रक्रिया, शुल्क संरचना और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी प्राप्त की।
एसडीएम जैन ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेज एवं अनुमतियां अद्यतन रखने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।