मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में बालागंज स्टेडियम परिसर के दुकानदारों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुकानों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
कलेक्टर गर्ग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेडियम परिसर में आवंटित सभी दुकानदार जून माह के अंत तक अपनी दुकानें नियमित रूप से संचालित करना प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि जो दुकानदार निर्धारित समय सीमा तक दुकानें शुरू नहीं करेंगे, उनकी दुकानों का आवंटन 1 जुलाई से अन्य पात्र आवेदकों को किया जाएगा।
बैठक में स्टेडियम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा गार्ड तैनात करने, सभी कॉरिडोर में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा दुकानों के अंदर आवश्यक मरम्मत और रंग-रोगन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। दुकानों के बाहरी हिस्से एवं छत की मरम्मत का कार्य शिक्षा विभाग द्वारा कराया जाएगा।
उन्होंने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन उनके साथ है और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। साथ ही दुकानदारों को समिति गठित कर सामूहिक रूप से कार्य करने, परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा अपनी संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
बैठक में बालागंज स्टेडियम परिसर में फूड जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा दुकानदारों के लेखा-जोखा एवं बही-खातों के संधारण के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए।
उल्लेखनीय है कि बालागंज स्टेडियम परिसर में कुल 76 दुकानें निर्मित हैं, जिनमें से वर्तमान में 59 दुकानों का आवंटन किया जा चुका है, जबकि शेष 17 दुकानों की नीलामी प्रस्तावित है।