माउंट आबू। पूरे देश में बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाने के प्रयासों के तहत माउंट आबू में 10 दिवसीय आत्मरक्षा बालिका प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। इस शिविर का आयोजन आर्य समाज और आर्य वीर दल के सहयोग से किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशिक्षकों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सीखे। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों बढ़ी।
इस पहल की प्रेरक खुशी जानी के नेतृत्व में माउंट आबू की बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए तैयार करने का संकल्प लिया गया था। समापन समारोह माउंट आबू के प्रसिद्ध शक्ति माता मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां प्रशिक्षित बालिकाओं का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आर्य समाज के प्रसिद्ध प्रचारक एवं माउंट आबू गुरुकुल के प्रमुख स्वामी ओमानंद सरस्वती, होटल उद्यमी त्रिलोक जानी, लायंस क्लब अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल और इनर व्हील क्लब अध्यक्ष ज्योति दवे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए आत्मरक्षा को आज के समय की आवश्यकता बताया और उन्हें आगे भी अन्य बालिकाओं को प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रतिभागी बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बालिकाओं ने आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज की अन्य बालिकाओं को प्रशिक्षित करने का संकल्प लिया।