मंदसौर। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने कहा कि वर्षा के दौरान जलभराव या तेज बहाव वाले मार्गों, पुलों एवं पुलियाओं पर चेतावनी संकेतक और साइन बोर्ड लगाए जाएं। जिला कंट्रोल रूम को तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर 24 घंटे संचालित रखा जाए तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्थानीय गोताखोरों की सूची तैयार कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने, एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ टीमों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा राहत एवं बचाव दलों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए। संभावित राहत शिविरों में पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
संभागायुक्त ने जलमग्न मार्गों पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, पुराने तालाबों एवं संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण तथा रेस्क्यू टीमों को पूर्ण रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर अदिती गर्ग ने जिले के विभिन्न रेलवे और एनएचएआई इंटरसेक्शन तथा अंडरब्रिजों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर आवश्यक समाधानात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में बाढ़ एवं अतिवृष्टि की संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।