इंदौर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले 14 जून को देशभर में एक बड़ा ऑनलाइन योग अभियान आयोजित किया जाएगा। आयुष मंत्रालय और हाबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम में एक साथ सबसे अधिक लोगों को जोड़कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून की सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर होगा। इसके लिए देशभर के नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुड़ने की अपील की गई है।
मिस्ड कॉल से होगा रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराना होगा। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए ऑनलाइन योग सत्र का लिंक भेजा जाएगा। रिकॉर्ड में शामिल होने के लिए हर प्रतिभागी को अपने अलग मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिजिटल डिवाइस से लॉग-इन करना जरूरी होगा।
कलेक्टर ने की ज्यादा भागीदारी की अपील
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में भाग लेकर लोग खुद को स्वस्थ रखने के साथ भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करने में योगदान दे सकते हैं।
प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण-पत्र
संभागीय आयुष अधिकारी और जिला आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 14 जून के इस विशेष ऑनलाइन योग सत्र में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास से जुड़ा प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा। अधिकारियों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक अभियान का हिस्सा बनें और दूसरों को भी जोड़ें।