देवास। वार्ड क्रमांक 40 की शांति नगर गली नंबर 4 में दूषित और बदबूदार पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद असर देखने को मिला। वार्ड पार्षद धर्मेंद्र सिंह बेस मौके पर पहुंचे और निगम इंजीनियरों व अधिकारियों के साथ क्षेत्र की विभिन्न गलियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पार्षद ने घर-घर जाकर नलों का पानी जांचा। गली नंबर 4 में उन्हें स्वयं मटमैला और बदबूदार पानी मिला, जिसके बाद अधिकारियों को तुरंत समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
रहवासियों ने भी मौके पर गंदे पानी की समस्या दिखाते हुए बताया कि कई दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जो पीने तो दूर, घरेलू उपयोग के लिए भी उपयुक्त नहीं है।
हालांकि, जांच में यह भी सामने आया कि समस्या केवल गली नंबर 4 के कुछ घरों तक सीमित है, जबकि वार्ड के अन्य हिस्सों में स्वच्छ पानी की आपूर्ति हो रही है। पार्षद ने अन्य स्थानों पर नल का पानी पीकर इसकी पुष्टि भी की।
पार्षद धर्मेंद्र सिंह बेस ने बताया कि वार्ड में सड़क, स्ट्रीट लाइट और मंदिर निर्माण जैसे कई विकास कार्य किए गए हैं। जल आपूर्ति सुधार के लिए तारानी कॉलोनी की टंकी से नई पाइपलाइन भी डलवाई गई है, जिससे प्रेशर बढ़ेगा और समस्या का स्थायी समाधान होगा।