नीमच। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने शुक्रवार को टाउन हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता और पार्टी के भीतर चल रहे षड्यंत्र का परिणाम है।
स्वाति चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक मंचों पर ‘नारी सम्मान’ की बात करती है, लेकिन उसके कार्य और व्यवहार महिलाओं के प्रति विरोधाभासी रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने के कारण ही मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त हुआ। उनका दावा था कि कांग्रेस के भीतर ही ऐसे लोगों ने भूमिका निभाई, जिन्होंने मीनाक्षी को राज्यसभा पहुंचने से रोकने का काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा संविधान और निर्वाचन प्रक्रिया का सम्मान करती रही है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
पत्रकारों द्वारा कांग्रेस के भाजपा पर महिला विरोधी होने के आरोपों संबंधी सवाल पूछे जाने पर स्वाति चोपड़ा ने पलटवार करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर कांग्रेस का रिकॉर्ड सवालों के घेरे में रहा है और उसे पहले आत्ममंथन करना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में मीना जायसवाल, निलेश पाटीदार, मनोज माहेश्वरी, हेमलता धाकड़ एवं अरुणा तलरेजा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।