खरगोन। मध्य प्रदेश शासन के निर्देश पर आमजन की समस्याओं के निराकरण और शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि उपज मंडी कसरावद में तीन दिवसीय विशाल जन कल्याण शिविर का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह शिविर 12 जून से 14 जून 2026 तक चलेगा।
गणमान्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ अनिल जैन एसडीएम कसरावद, जिला उपाध्यक्ष मांगीलाल गाडगे, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश बागदरे, पवन राठौर, एल्डरमैन शरद सराफ की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रीना किराड़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमलेश गोले के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी और कर्मचारी स्टॉल लगाकर मौजूद रहे। जनपद सदस्य संतोष मालाकार, वीरेंद्रसिंह राठौर, जनपद सदस्य प्रतिनिधि शक्ति सिंह और जनपद सदस्य सखाराम दामोदर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
मौके पर ही लिए जा रहे आवेदन
शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। यहाँ उन्हें विभिन्न हितग्राही मूलक और जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को त्वरित लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही पंजीयन आवेदन भी लिए जा रहे हैं।