नीमच। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मनासा स्थित होटल बैरागी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खाद्य निर्माण एवं विक्रय कार्य बंद करवा दिया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रतिष्ठान को शटडाउन कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग को 11 जून 2026 को शिकायत प्राप्त हुई थी कि मंदसौर नाका, मनासा स्थित होटल बैरागी में बासी भोजन बेचा जा रहा है। शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने होटल का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच में रोटी, सब्जी, तुअर दाल, कचोरी, समोसे सहित अन्य खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार एवं विक्रय होते पाए गए। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान होटल संचालक द्वारा प्रस्तुत खाद्य पंजीयन केवल रिटेल खाद्य व्यवसाय के लिए वैध पाया गया, जबकि खाद्य निर्माण के लिए आवश्यक वैध पंजीयन उपलब्ध नहीं था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत जांच के लिए तीन खाद्य नमूने संग्रहित किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए होटल में खाद्य निर्माण और विक्रय तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया तथा प्रतिष्ठान को शटडाउन किया गया है।
यह कार्रवाई तहसीलदार मनासा मुकेश निगम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।