चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी एवं ग्रामीण विकास शिविरों के तहत शुक्रवार को जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 4 तक आयोजित शहरी शिविर तथा चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की एराल ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति एवं आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक का कार्य संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, और इसी उद्देश्य के साथ शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया तथा बच्चों को आहार खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया गया, जिसे प्राप्त कर लाभार्थियों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बीनू देवल, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, तहसीलदार विपिन चौधरी, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।