देवास। वार्ड क्रमांक 40 के शांति नगर स्थित गली नंबर 4 में दूषित और बदबूदार पानी की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। शिकायत सामने आने के बाद वार्ड पार्षद धर्मेंद्र सिंह बेस निगम अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे तथा क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पार्षद ने विभिन्न घरों में पहुंचकर नलों से आने वाले पानी की जांच की। गली नंबर 4 में कई स्थानों पर पानी मटमैला और बदबूदार पाया गया, जिसके बाद उन्होंने निगम अधिकारियों को तत्काल समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। पार्षद ने स्पष्ट कहा कि यदि दो दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मौजूद रहवासियों ने भी अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक उपयोग में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि समस्या पूरे वार्ड में नहीं, बल्कि गली नंबर 4 के कुछ घरों तक ही सीमित है। वार्ड के अन्य हिस्सों में पानी की गुणवत्ता सामान्य पाई गई। पार्षद ने अन्य क्षेत्रों में नल का पानी स्वयं पीकर स्वच्छ जल आपूर्ति की पुष्टि भी की।
पार्षद धर्मेंद्र सिंह बेस ने बताया कि वार्ड में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और मंदिर निर्माण जैसे कार्यों के साथ जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तारानी कॉलोनी की टंकी से नई पाइपलाइन डलवाई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि पाइपलाइन से जलदाब बढ़ने के साथ ही पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
पार्षद ने रहवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।