रतलाम। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री वैशाली जैन ने गुरुवार को आकांक्षी विकासखंड बाजना में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्धारित संकेतकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि तथा पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की पैरामीटरवार समीक्षा की गई।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षण के लिए नवाचार अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड की फील्ड टीम को नियमित भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने को कहा।
बैठक में सीईओ ने स्पष्ट किया कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से बेहतर प्रदर्शन कर आकांक्षी विकासखंड बाजना को उत्कृष्ट श्रेणी में लाने के लिए गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।