रतलाम। जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, रतलाम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। योजना के अंतर्गत 87 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित था। इसके विरुद्ध 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 87 प्रकरण स्वीकृत कर हितग्राहियों को कुल 34.94 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 18 से 55 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक, जो आयकरदाता नहीं हैं, वे स्वयं का व्यवसाय या सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 10 हजार से 1 लाख रुपये तक के ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। नियमित ऋण भुगतान करने पर अधिकतम 5 वर्ष तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।
योजना के लिए आवेदन एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, महलवाड़ा, रतलाम कार्यालय अथवा दूरभाष क्रमांक 07412-235380 पर संपर्क किया जा सकता है।