नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान लगभग 53 आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष पहुंचकर अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी व्यास ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को समय-सीमा में कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयोजित सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय पर और निष्पक्ष समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक नीमच किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी व आवेदक उपस्थित रहे।