नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया ने शुक्रवार को स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक के साथ शहर की सफाई व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अंबेडकर रोड, मेहनौत नगर, नीमच सिटी एवं मालखेड़ा रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा मेहनौत नगर में निर्माणाधीन नाले का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य के लिए गठित विशेष टीम (गैंग) के कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने संबंधित गैंग प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वच्छता निरीक्षकों को सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अनुपस्थित एवं लापरवाह कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बामनिया ने कार्यालय अधीक्षक को भी लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।