शाजापुर। जिला मुख्यालय स्थित सीएम राइज शासकीय स्कूल में अव्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पीने के पानी, सड़क और स्कूल बस सुविधा की मांग को लेकर स्कूल का मुख्य गेट बंद कर जमकर नारेबाजी की।
ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों को लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल बस सुविधा शुरू करने की मांग भी कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी दीपा कीर के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया गया।
प्रदर्शन के दौरान स्कूल का गेट बंद रहने से कुछ समय के लिए शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। प्रशासन ने जल्द ही समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया है।