मंदसौर। जिला चिकित्सालय की आपातकालीन सेवाओं की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल से सामने आई तस्वीर में एक खून से लथपथ मरीज खुद अपने हाथ में लगी ड्रिप लेकर दर्द से कराहता हुआ खड़ा नजर आया, जबकि मौके पर मौजूद डॉक्टर और कर्मचारी उसकी ओर ध्यान देते नहीं दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि मरीज लंबे समय तक उपचार की प्रतीक्षा करता रहा, लेकिन समय पर उसे आवश्यक सहायता नहीं मिल सकी। इस घटना ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर अदिति गर्ग ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए थे। हालांकि, अस्पताल से सामने आई यह तस्वीर उन निर्देशों के प्रभाव पर सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।