मंदसौर। दलौदा रेल स्थित राम-जानकी मंदिर भूमि विवाद मामले में प्रशासन ने सोमवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित भूमि से कथित अतिक्रमण हटाकर कब्जामुक्त कराया। प्रशासन ने बुलडोजर की सहायता से मौके पर बने टीन शेड को हटाते हुए भूमि को खाली कराया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम शुभम पाटीदार, एसडीओपी कीर्ति बघेल, तहसीलदार ब्रजेश मालवीय, नायब तहसीलदार रवि पटेल, दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह दांगी, भावगढ़ थाना प्रभारी वरसिंह कटारा, अफजलपुर थाना प्रभारी, कचनारा चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर, राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई के दौरान आसपास के ग्रामीण भी मौके पर उपस्थित रहे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई पूरी कर विवादित भूमि को कब्जामुक्त कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। भूमि को कब्जामुक्त कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए।