मंदसौर। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। जिन अधिकारियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं, वे उनका गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। यह निर्देश कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य समारोह की परेड का पूर्वाभ्यास 8 अगस्त से प्रारंभ होगा। वहीं 13 अगस्त को कलेक्टर पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करेंगे।
कलेक्टर ने वर्षा की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजीव गांधी क्रीड़ा परिसर, मंदसौर में आयोजित होगा।
बैठक में कलेक्टर ने मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, मैदान के समतलीकरण, अतिथियों एवं पत्रकारों के लिए बैठक व्यवस्था, कार्यक्रम संचालन सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।