नीमच। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार सुबह शहर की सड़कों पर उत्साह और फिटनेस का जोश नजर आया। FOK MMA एकेडमी एवं साक्षी सुरक्षा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘फिट नीमच रन’ में 511 प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की दौड़ लगाकर स्वस्थ जीवनशैली और नियमित व्यायाम का संदेश दिया।
FOK MMA एकेडमी से शुरू हुई दौड़ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने निर्धारित दूरी पूरी कर एकेडमी पहुंचकर आयोजन का समापन किया। इसके बाद विजेताओं का सम्मान किया गया।
पुरुष वर्ग में मोहित कोटा ने प्रथम, पीयूष नीमच ने द्वितीय तथा विक्रम बूंदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में अश्वति (सीआरपीएफ, नीमच) प्रथम, रोसलीन रेजी द्वितीय तथा सत्यप्रथा दलपति तृतीय रहीं। विजेताओं को पुरस्कार राशि, गिफ्ट हैंपर एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, समाजसेवी संतोष चोपड़ा, सीआरपीएफ डीआईजी सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
511 प्रतिभागियों की दौड़ ने ‘फिट नीमच’ का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं सहित शहरवासियों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सक्रिय, जागरूक और सशक्त समाज की मजबूत बुनियाद है।