मनासा। मालाहेड़ा में बीती रात करीब 12 बजे घर के हॉल में सो रहे 50 वर्षीय सूरजमल बंजारा पर चार अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने सूरजमल की छाती पर बैठकर उनके कान में पहने सोने के झेले खींच लिए और मौके से फरार हो गए।
अचानक सोने के झेले खींचने से उनके कान का मांस फट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए मनासा शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के बाद सूरजमल ने मनासा थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
घर में घुसकर हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश एवं घटना की जांच शुरू कर दी है।