खरगोन। श्रावण मास के पावन अवसर पर शहर के दांगी मंदिर में दांगी समाज द्वारा सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का आयोजन किया गया। पिछले तीन वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया।
श्रद्धालुओं ने मिट्टी से 1 लाख 25 हजार पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। इसके साथ ही 12 ज्योतिर्लिंग, 11 रुद्र और भगवान गणेश की प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ लघु रुद्र पाठ किया गया और भगवान शिव का अभिषेक किया गया। पूजन के दौरान मंदिर परिसर में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
वीरेंद्र तारे ने बताया कि दांगी समाज की ओर से पिछले तीन वर्षों से यह आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 30 जोड़ों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। आयोजन समिति के जयदेव दांगी ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग निर्माण का कार्य पिछले आठ दिनों से चल रहा था। इसमें समाज की महिलाओं ने दिन-रात सहयोग किया।
मासिक शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस विशेष पूजन का उद्देश्य समाज की सुख-समृद्धि, धन-धान्य और सर्वांगीण कल्याण की कामना करना है। सामूहिक धार्मिक आयोजन में समाजजनों ने श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान शिव का पूजन कर परिवार एवं समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।