नीमच। माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में शहर के प्राचीन श्रीराम मंदिर में पूरे सावन माह के दौरान सावन उत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह पहली बार है जब श्रीराम मंदिर में हरियाली अमावस्या उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
हरियाली अमावस्या के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को प्राकृतिक हरियाली से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। श्रीराम दरबार एवं चारभुजानाथ का मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा, वहीं भगवान भोलेनाथ को महाकाल स्वरूप में सजाया जाएगा। आयोजन का विशेष आकर्षण राधा-कृष्ण की सुंदर चलचित्र झांकी रहेगी।
कार्यक्रम के लाभार्थी राधेश्याम गोपाल, ललित समदानी परिवार एवं रामेश्वर आगार परिवार रहेंगे। शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा। आरती के बाद श्रद्धालुओं को मालपुआ प्रसाद वितरित किया जाएगा।
माहेश्वरी समाज ने नीमच नगर की धर्मप्रेमी जनता एवं समाजबंधुओं से अपने इष्ट-मित्रों सहित मंदिर पहुंचकर आकर्षक झांकी के दर्शन करने तथा प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
उक्त जानकारी माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष सत्यनारायण जागेटिया एवं मीडिया प्रभारी ललित कुमार राठी ने दी।