चित्तौड़गढ़। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को नगर परिषद परिसर में दो दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद विधायक आक्या एवं जिला कलक्टर ने प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के गौरव तथा देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े चित्रों एवं सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना भी मजबूत होती है।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण प्रसंगों, वीर सपूतों के योगदान और तिरंगे के गौरव से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, गौरव त्यागी, ओमप्रकाश शर्मा, सहायक निदेशक तुलसीराम कंडारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
13 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी-
नगर परिषद परिसर में आयोजित यह प्रदर्शनी 13 अगस्त, बुधवार को शाम 5 बजे तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। जिला प्रशासन ने युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।