ऊन। ऐतिहासिक पर्यटन नगरी ऊन में अखिल भारतीय दशोरा नागर समाज नवचेतना संगठन एवं ऊन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्रावण मास के अवसर पर भगवान श्री हाटकेश्वर महादेव का निःशुल्क अभिषेक एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान महादेव का अभिषेक एवं पूजन कर रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि भगवान हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक एवं पूजन पूर्णतः निःशुल्क है। यह आयोजन प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार पूरे श्रावण माह तक जारी रहेगा, जिसका समाजजन एवं श्रद्धालु लाभ ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था-
पूजन एवं अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। पत्रकार दिलीप गुप्ता की ओर से श्री हाटकेश्वर मंदिर के समीप श्रद्धालुओं के लिए चाय की व्यवस्था की गई है।
वहीं, हरिओम पिता दिलीप मंडलोई, निवासी बाजार चौक, कन्या शाला के पास, द्वारा पूजन में शामिल सभी जजमानों के लिए अपने निवास स्थान पर भोजन की व्यवस्था की गई है।
समाज पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर भगवान हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक-पूजन करने एवं इस धार्मिक आयोजन का लाभ लेने का आग्रह किया है।