चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार, 14 अगस्त को युवा संवाद कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित भरत बाग में आयोजित होगा। इसमें सांसद, जिले के सभी विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
युवाओं की भूमिका पर होगा संवाद-
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य और उनके विश्वास को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनाने तथा पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सख्त प्रावधान किए गए हैं।
देश के विकास में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने के उद्देश्य से 14 अगस्त को सुबह 10 बजे भरत बाग में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भरत बाग से निकलेगी तिरंगा रैली-
युवा संवाद कार्यक्रम के बाद तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली भरत बाग से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, सिटी पेट्रोल पंप, सुभाष चौक और गोल प्याऊ चौराहा होते हुए पुनः भरत बाग पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजकों ने युवाओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम और तिरंगा रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।