निम्बाहेड़ा। नगर परिषद निम्बाहेड़ा के आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन ने चुनावी तैयारियों को गति देते हुए सभी 45 वार्डों में संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूर्व सहकारिता मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना के निर्देशानुसार नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में सर्वे कराकर योग्य एवं मजबूत प्रत्याशियों के चयन के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संपतलाल धाकड़ द्वारा 19 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार गठित कमेटी में विधानसभा प्रभारी राजसिंह झाला,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अभय मेहता,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गोपाल आंजना,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संपतलाल धाकड़ तथा कार्यकारी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोपराज टांक को शामिल किया गया है।
45 वार्डों में सर्वे के बाद होगा प्रत्याशियों के नामों पर मंथन
कांग्रेस की ओर से गठित कमेटी नगर परिषद के सभी 45 वार्डों में संगठनात्मक स्थिति,स्थानीय जनसमर्थन,संभावित दावेदारों की सक्रियता,क्षेत्र में उनकी पकड़ तथा चुनावी संभावनाओं को लेकर सर्वे करेगी। सर्वे के आधार पर प्रत्येक वार्ड में संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा और उसके बाद पार्टी स्तर पर प्रत्याशी चयन को लेकर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस की इस कवायद को संगठनात्मक और चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वार्ड स्तर पर मजबूत दावेदारों की पहचान के साथ-साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस संगठन की सक्रियता को भी चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा। कमेटी द्वारा जमीनी स्तर पर फीडबैक लेकर पार्टी के लिए मजबूत और जीत की संभावनाओं वाले उम्मीदवारों के चयन की दिशा में कार्य किया जाएगा।
आंजना के निर्देश पर चुनावी रणनीति को दिया जा रहा आकार
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के निर्देशानुसार गठित कमेटी में विधानसभा स्तर से लेकर जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इससे स्पष्ट है कि नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन वार्डवार राजनीतिक समीकरणों और स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए चुनावी रणनीति तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कमेटी में विधानसभा प्रभारी,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं कार्यकारी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष को शामिल किए जाने से सर्वे और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में संगठन के विभिन्न स्तरों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। नगर परिषद के सभी 45 वार्डों में सर्वे के बाद सामने आने वाली रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस संगठन संभावित प्रत्याशियों को लेकर आगामी रणनीति तैयार करेगा।