खरगोन। जिले के महेश्वर के ग्राम चिंदडिय़ा गांव में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण त्रस्त हैं। बेरोकटोक बिक रही शराब के चलते घरों सहित गांव की भंग हो रही शांति से महिलाओं में आक्रोश पनपने लगा है। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां कलेक्टर को शिकायती ज्ञापन सौंपते हुए आबकारी एवं पुलिस पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नही करने का आरोप भी लगाया।
कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि गांव में पिछले कुछ समय से देशी-विदेशी और शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। बेरोकटोक बिक रही शराब से गांव का माहौल खराब हो रहा है।
ज्ञापन में बताया की अवैध शराब के सेवन से परिवारों में आए दिन विवाद और झगड़े होते हैं। विरोध करने पर शराब बेचने वाले ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को धमकाते हैं तथा अपशब्द कहते हैं। जब ग्रामीण इन दुकानों की शिकायत करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। शराब विक्रेता ग्रामीणों को उधार पर शराब बेचते हैं। वसूली के दौरान मारपीट भी करते हैं। इस बिक्री में दुकानदारों की महिलाएं भी शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में अगस्त 2026 में मंडलेश्वर थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अवैध शराब की बिक्री बदस्तुर जारी है। ग्रामीणों ने अवैध शराब बेचने वालों की नामजद शिकायत की है।