भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर भोपाल आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके दौरे के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान प्रदेश में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।
अमित शाह भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे नए कानून भारतीय न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी करेंगे।
इसके बाद भोपाल बायपास स्थित भौरी के पास IISER के अत्रि परिसर का शिलान्यास किया जाएगा। इसी परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी केंद्रीय मंत्री करेंगे।
दौरे के दौरान डेयरी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का शिलान्यास, भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट मिल्क प्लांट और विभिन्न दुग्ध संयंत्रों, डेयरी प्रसंस्करण केंद्रों तथा गुणवत्ता जांच लैब्स के लोकार्पण व भूमि-पूजन शामिल हैं।
इसके अलावा भोपाल के बहुप्रतीक्षित पश्चिमी बायपास का भूमि-पूजन भी अमित शाह के दौरे के दौरान किया जाएगा।