नीमच। नीमच जिले के मनासा विधानसभा क्षेत्र के किशनपुरा गांव के समीप बीती शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और समाजजनों ने शव को सड़क पर रखकर नीमच-मनासा रोड पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी परिजन मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और हादसे के जिम्मेदार अज्ञात व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, नीमच सिटी थाना क्षेत्र में थड़ोली-ऊंचेड़ के बीच भी सड़क हादसा हुआ था। हादसे में बाइक सवार मुकेश यादव पिता अमृतलाल, उम्र 45 वर्ष की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, किशनपुरा के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में नीमच निवासी मनोज उर्फ लाला यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन शव लेकर कंट्रोल रूम के बाहर नीमच-मनासा रोड पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारी परिजनों और समाजजनों से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक 30 लाख रुपये की सहायता और जिम्मेदार व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव सड़क से नहीं हटाया जाएगा।