नीमच। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन आज नीमच में शुरू हो गया है। मतदाता सूची में कथित अनधिकृत बदलाव और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता गांधी भवन से रैली लेकर निकले हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में निकली रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
गांधी भवन से शुरू हुई यह रैली विजय टॉकीज, पुस्तक बाजार, जाजू बिल्डिंग, दाना गली, चूड़ी गली, घंटाघर, नया बाजार, फौजू का चौराहा, बारादरी, फव्वारा चौक, सब्जी मंडी, कमल चौक, बोहरा गली कॉर्नर, भारत माता चौराहा होते हुए आगे बढ़ रही है। रैली विजय टॉकीज, गांधी भवन, सीआरपीएफ चौराहा, गुरुद्वारा, गोमाबाई नेत्रालय, संजीवनी नाले होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी।
कांग्रेस का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने में कथित अनियमितताएं हुई हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने की भी घोषणा की गई है। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही मतदाता सूची में हुए कथित संदिग्ध बदलावों की स्वतंत्र जांच कराने और आगामी चुनावों को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग उठाई जाएगी।
कांग्रेस ने इस आंदोलन को देशव्यापी ‘वोट चोरी’ अभियान का हिस्सा बताया है। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।