मंदसौर। भारत विकास परिषद मध्य भारत पश्चिम प्रांत के संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत आयोजित प्रांत स्तरीय श्भारत को जानो प्रतियोगिता रविवार को ओसियन पर्ल इंटरनेशनल स्कूल, सरवानिया महाराज में सुभाष शाखा नीमच के आतिथ्य में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, रीजन संरक्षक संजय अग्रवाल, रीजन संपर्क संयोजक एवं प्रतियोगिता पर्यवेक्षक प्रदीप चौपड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या परवाल तथा प्रांत अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल द्वारा स्वामी विवेकानंद, भारत माता एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुमधुर गणेश वंदना एवं सामूहिक वंदे मातरम् का गान प्रस्तुत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्वाति चौपड़ा ने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़कर उनमें राष्ट्रप्रेम और संस्कारों का संचार करती है। रीजन संरक्षक संजय अग्रवाल ने नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से परिचित कराने को समय की आवश्यकता बताते हुए इसे व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण बताया। रीजन संपर्क संयोजक प्रदीप चौपड़ा ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सराहना की, वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या परवाल ने पाठ्यक्रम के साथ सांस्कृतिक विरासत के ज्ञान को विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य बताया। प्रांत अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल ने कहा कि परिषद का मूल उद्देश्य समाज में संस्कार, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना है।
प्रतियोगिता में प्रांत के मंदसौर, शामगढ़, गरोठ, भानपुरा, आगर मालवा, जावरा, जावद, नीमच, देवास, रतलाम एवं उज्जैन सहित विभिन्न शाखाओं की 16 टीमों ने भाग लिया। ओसियन स्कूल के डायरेक्टर उमेश शर्मा द्वारा तैयार किए गए प्रश्नों के आधार पर पांच राउंड में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। कनिष्ठ (जूनियर) वर्ग में उज्जैन सुदर्शन शाखा के शासकीय कन्या उत्कृष्ट विद्यालय की टीम ने प्रथम तथा ब्राइट स्टार स्कूल भानपुरा शाखा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ (सीनियर) वर्ग में उज्जैन सांदीपनि शाखा के अक्षत इंटरनेशनल स्कूल की टीम प्रथम एवं शासकीय विद्यालय नीमच मुख्य शाखा की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने सनातन संस्कृति एवं राष्ट्रीय गौरव से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि प्रतापगढ़ शाखा अध्यक्ष इंजीनियर जाकिर हुसैन हकीम ने सफल आयोजन के लिए प्रांतीय व स्थानीय टीम को बधाई दी। प्रथम सत्र का कुशल संचालन प्रांत महासचिव विनोद काला ने किया, जबकि प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा प्रांत प्रतियोगिता संयोजक ललित राठी ने रखी। समापन एवं पुरस्कार वितरण सत्र का संचालन प्रांत संस्कार संयोजक नरेंद्र कुमार त्रिवेदी ने किया।
कार्यक्रम में जज के रूप में सी .के शर्मा पूर्व जिला शिक्ष अधिकारी
एवं एलन शर्मा पूर्व पीजी कॉलेज प्राचार्य उपस्थिति मैं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में निर्णायक भूमिका निभाई कार्यक्रम में करीब 70 विद्यार्थी एवं बाहर से पधारे 125 पदाधिकारी के साथ सुभाष शाखा परिषद परिवार के सदस्य भाग लिया।
इस अवसर पर प्रांतीय संरक्षक सुनील सिंहल, प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक मंगल, सुभाष शाखा अध्यक्ष मनीष गर्ग, सुभाष शाखा सचिव प्रमोद मालू, प्रांत महिला प्रमुख पूजा चित्तौड़ा, कमल गोपाल गर्ग, महेश शर्मा, अशोक सोनी, सतीश पाटीदार, रविंद्र पाटीदार, मुकेश पाटीदार, राकेश खंडेलवाल, दीपक बाहेती निर्मल दरक राजेश परवाल दिनेश परवाल उमेश किलोरिया पुरुषोत्तम गुप्ता संध्या राठी, स्वीटी खंडेलवाल सहित शाखा सदस्य, मातृशक्ति, प्रांतीय टोली के पदाधिकारी, विभिन्न शाखाओं से आए सदस्य, शिक्षक, पालकगण एवं पत्रकार साथी उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन प्रांत संस्कार संयोजक नरेंद्र कुमार त्रिवेदी एवं सुभाष शाखा सचिव प्रमोद मालू द्वारा किया गया। उक्त जानकारी प्रांतीय महासचिव विनोद काला, शामगढ़ द्वारा दी गई।