नीमच। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मनासा विकासखंड के ग्राम भाटखेड़ी बुजुर्ग में आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत स्थापित डेयरी इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही से योजना के लाभ, दूध विक्रय और डेयरी संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही अन्य किसानों को भी डेयरी व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।
हितग्राही पुष्पाबाई पति प्रेमसुख पाटीदार ने सात शंकर नस्ल की गायों के साथ डेयरी इकाई स्थापित की है। इकाई की कुल लागत 3 लाख 97 हजार 575 रुपये है, जिसमें शासन की ओर से 1 लाख 32 हजार 525 रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। भारतीय स्टेट बैंक की मनासा शाखा से ऋण लेने के साथ ही उन्हें योजना के तहत 5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान का लाभ भी मिल रहा है।
पुष्पाबाई ने बताया कि डेयरी व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह लगभग 25 हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है। इसके माध्यम से तीन लोगों को रोजगार भी मिला है। चारा विकास योजना के तहत प्राप्त उन्नत बीजों से वे स्वयं पशुओं के लिए चारा उगा रही हैं। इसके अलावा, चारे की कमी के समय उपयोग के लिए साइलेज की व्यवस्था भी की गई है।
आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, मनासा एसडीएम मयूरी जौक, उपसंचालक पशुपालन विभाग ए.आर. धाकड़ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे।