नीमच। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को मनासा विकासखंड के ग्राम भाटखेड़ी बुजुर्ग स्थित शासकीय हाई स्कूल एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता परखी और शिक्षकों को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों से पहाड़े लिखवाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का आकलन किया। वहीं, हाई स्कूल में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर गणित विषय में त्रिकोणमिति के अध्यापन का अवलोकन किया।
कलेक्टर चंद्रा ने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाए जा रहे पाठों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, मेहनत और लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता पर विशेष ध्यान देने और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एसडीएम मयूरी जौक तथा शिक्षिका निर्मला खजुरिया एवं सुनीता वाधवा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।