रतनगढ़। नवरात्रि के पावन पर्व पर रतनगढ़ में ढेर वाले बालाजी ट्रस्ट द्वारा सांवलपुरा मोड़ पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से लगातार तीसरी बार आयोजित इस सेवा अभियान में पैदल यात्रियों के लिए चाय-नाश्ता, भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही थकान और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे यात्रियों के लिए दवाइयों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्व CMO ने भंडारे के लिए दिए 11 हजार रुपये
भंडारे की व्यवस्थाओं का सहयोग करने के लिए नगर पालिका के पूर्व सीएमओ श्री गिरीश शर्मा का आगमन हुआ। उन्होंने यात्रियों की सेवा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए ट्रस्ट को 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
इस अवसर पर ढेर वाले बालाजी ट्रस्ट की ओर से गिरीश शर्मा का शाल, श्रीफल और साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।
ट्रस्ट ने दानदाताओं से सहयोग की अपील की
स्वागत कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष मनोहर लाल सोनी, भाजपा मंडल महामंत्री बंटी बना, जमनालाल बजाज, वरिष्ठ एल्डरमैन प्रहलाद शर्मा, रोशन बंजारा, किशन माली, बंटी माली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ढेर वाले बालाजी ट्रस्ट की ओर से सभी दानदाताओं और समाजसेवियों से भंडारे में सहयोग करने की अपील की गई है। ट्रस्ट ने कहा कि इच्छुक दानदाता मनोहर लाल सोनी से संपर्क कर इस सेवा कार्य में अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान दे सकते हैं। भंडारे का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान पैदल यात्रियों को राहत पहुंचाना और सेवा-भावना को बढ़ावा देना है।