चित्तौड़गढ़। नवरात्रि में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस अलर्ट मोड पर है। ऑपरेशन 'शक्ति सुरक्षा अभियान' के तहत एसपी धर्मेंद्र सिंह ने शहर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया, वहीं निम्बाहेड़ा और बेगूं में महिला पुलिसकर्मियों ने सादे कपड़ों में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर गरबा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी की। निम्बाहेड़ा में कार्रवाई के दौरान तीन युवकों को डिटेन किया गया।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम भोईखेड़ा, नाडोलिया, गांधीनगर और चांमटीखेड़ा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और क्यूआरटी टीम भी मौजूद रही। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और गरबा आयोजनों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
निम्बाहेड़ा में पांच प्रमुख क्षेत्रों में निगरानी
एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में बुधवार शाम निम्बाहेड़ा के पांच प्रमुख क्षेत्रों में डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। अम्बामाता मंदिर, विवेकानंद सर्कल, कल्याण चौक, नेहरू पार्क, मंडी चौराहा, बस स्टैंड, जावद दरवाजा, पीपल चौक, मोती बावजी रोड, कैंची चौराहा और माल गोदाम रोड सहित विभिन्न स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों ने निगरानी रखी। इस दौरान तीन युवकों को डिटेन किया गया।
बेगूं में भी महिला पुलिस की विशेष निगरानी
बेगूं में सब इंस्पेक्टर चंद्रा कंवर के नेतृत्व में लालबाई-फूलबाई चौक, जूनी बेगूं गरबा स्थल और नया बस स्टैंड क्षेत्र में डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
हेल्पलाइन नंबरों से किया जागरूक
पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा गरबा पांडालों में नियमित गश्त के साथ महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन सहायता के बारे में जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न सहायता माध्यमों की जानकारी दी।
चित्तौड़गढ़ पुलिस का कहना है कि नवरात्रि के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, निगरानी और जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।