चित्तौड़गढ़। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने गुरुवार को चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के अरनियापंथ स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तथा शंभूपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने विद्यालयों की कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस दौरान तहसीलदार भंवर सिंह सहित संबंधित बीएलओ मौजूद रहे।